Friday, March 25, 2016

होली नहीं मनाता फकीर


जो रहता हो 
एक रंग में
जो जीता हो 
एक रंग मे
जिसने दुनिया के 
किसी रंग को
अपना नहीं माना
सुख हो या दुःख
सब उस ईश्वर का जाना

नहीं किया 
कभी किसी से गिला
जहर भी मिला तो
हंस कर 
मीरा की तरह पिया

पाये अनेक ताने
नानक की तरह 
फिर भी
रहे दुनिया से बेगाने

बुद्ध की तरह 
खुद को 
खो दिया
खुद भी रमे
सब को भी 
डुबो दिया

कबीर की तरह 
न देखि जात 
न पात
सबको दिया 
ढाई आखर का पाठ

झांकते रहे 
खुद के भीतर
राबिया की तरह
रौशनी देखि 
देखा उसका नूर

अपने दादा की तरह
जग में 
प्यार फैलाया
मरने से पहले
मरने का 
आनंद पाया

लगाया सबको गले
है ही आत्मा
आत्मा से 
न कुछ परे

फकीर का 
हर रंग एक है
है इसके भीतर 
अनेक रंग
फिर भी वो बेरंग है

नहीं चढ़ाता 
किसी रंग 
खुद पर
अपने रंग में 
सबको रंगता है
फिर भी यही कहेंगे
फकीर कभी 
होली नहीं मनाता
एक रंग में रहता है